मुंगेली में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज से ब्राउन शुगर लाकर मुंगेली में खपाने की थी तैयारी, 10.20 ग्राम मादक पदार्थ सहित 1.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त

मुंगेली। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये बताई गई है।
भारत सरकार द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध ‘ऑपरेशन बाज’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरदार पटेल वार्ड निवासी सुरेन्द्र पटेल के घर के पीछे बाड़ी में कुछ व्यक्ति ब्राउन शुगर बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और चार संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन पैकेट में कुल 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में सामने आया कि जयकुमार साहू, दीपक यादव एवं रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) गए थे और वहां से ब्राउन शुगर खरीदकर मुंगेली लाए थे। इसके बाद 14 नवंबर को तीनों ने देवा उर्फ वेदव्यास साहू के साथ मिलकर मादक पदार्थ की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री करने की तैयारी की थी।
ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें जयकुमार साहू (21 वर्ष), दीपक यादव (22 वर्ष), रोशन पटेल (20 वर्ष) एवं देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23 वर्ष), सभी निवासी मुंगेली शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 59 हजार रुपये कीमत की 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 6 हजार 80 रुपये कीमत के तीन मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की है। चारों के विरुद्ध सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को 15 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के कारोबार की सूचना देने पुलिस की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में आम नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
- छात्र हितों की आवाज बुलंद करने NSUI मुंगेली का ‘कैंपस चलो अभियान’, विधायक देवेंद्र यादव ने किया पोस्टर का विमोचन - November 15, 2026
- मुंगेली में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार 1.65 लाख रुपये का सामान जप्त - November 15, 2026
- रायपुर में नशे के कारोबार और अवैध हथियारों पर मौदहापारा पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार - November 15, 2026



