रायपुर में नशे के कारोबार और अवैध हथियारों पर मौदहापारा पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार

14.10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 6,700 रुपये नकद बरामद, कुल 1.05 लाख रुपये का मशरूका जब्त; बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने वाला हिस्ट्रीशीटर भी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मौदहापारा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, बटनदार धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक गुण्डा-बदमाश को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
बॉम्बे मार्केट के पास हेरोइन बेचते दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को मौदहापारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बॉम्बे मार्केट स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ व्यक्ति मादक पदार्थ की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अब्दुल अजीम उर्फ अज्जू (40 वर्ष) निवासी मौदहापारा तथा मोहम्मद शब्बीर (34 वर्ष) निवासी अफरोज बाग, मौदहापारा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 14.10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जिसकी कीमत लगभग 98,700 रुपये बताई गई है, तथा बिक्री की नगदी रकम 6,700 रुपये बरामद की गई। पुलिस ने कुल 1,05,400 रुपये का मशरूका जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 184/26, धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डरा रहा था गुण्डा-बदमाश, पुलिस ने दबोचा

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि जोरापारा स्थित विट्ठल देव मंदिर के पास एक व्यक्ति धारदार बटनदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अनिकेत यादव उर्फ शेरा (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू जब्त किया है। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 185/26, धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिकेत यादव उर्फ शेरा थाना मौदहापारा का गुण्डा-बदमाश है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं तथा वह पूर्व में जेल में निरुद्ध रह चुका है।
एक अन्य व्यक्ति के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मौदहापारा पुलिस ने रोशन दास मानिकपुरी (19 वर्ष), निवासी जिला कोरबा, वर्तमान पता मेकाहारा अस्पताल परिसर, रायपुर के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार, अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती जारी है।
- रायपुर में नशे के कारोबार और अवैध हथियारों पर मौदहापारा पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार - November 15, 2026
- लोरमी में 17 नवंबर को सजेगा बाबा श्री श्याम का भव्य दरबार, निकलेगी निशान यात्रा - November 14, 2026
- मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय न मिलने पर हेलीपैड पहुंचे युवा कांग्रेस और एनएसयूआई पदाधिकारी, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन - November 14, 2026



