रतनपुर पुलिस की शराब कोचियों पर कार्रवाई, 40 पाव देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
मोटरसाइकिल भी जब्त, आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को भेजा जेल

रतनपुर (बिलासपुर)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 7.2 लीटर, जिसकी कीमत 3,200 रुपये बताई गई है, बरामद की है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में 1 नवंबर 2026 को पुलिस टीम अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रानीगांव शराब भट्ठी की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम खंडोबा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी ज्योतिष कुमार साहू (21 वर्ष), पिता सालिकराम साहू, निवासी ग्राम मोहतराई, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 7.2 लीटर, कीमत 3,200 रुपये बरामद की गई। पुलिस ने शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा आरक्षक आकाश डोंगरे एवं देवानंद चंद्राकर का विशेष योगदान रहा।
- रतनपुर पुलिस की शराब कोचियों पर कार्रवाई, 40 पाव देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार - November 3, 2026
- सरपंच चुनाव की रंजिश में तुलसी साहू की हत्या, 1.20 लाख रुपये में दी गई थी सुपारी - November 1, 2026
- रायपुर धारदार चाकू लेकर घूम रहे युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत की गई कार्रवाई। - November 1, 2026



