मुंगेली में मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय न मिलने पर काले कपड़े पहनकर हेलीपैड पहुंचे युवा कांग्रेस और एनएसयूआई पदाधिकारी, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुंगेली प्रवास के दौरान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुलाकात का समय न मिलने पर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने विरोध दर्ज कराया।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छैदईया एवं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता अपने साथियों के साथ काले कपड़े पहनकर डिंडौरी स्थित हेलीपैड पहुंचे। मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन लिया और उनकी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन के माध्यम से मुंगेली स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास की जर्जर स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया है। पदाधिकारियों ने बताया कि छात्रावास का भवन पिछले कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में है, जिसकी छतों और दीवारों से प्लास्टर गिरना व सीलन होना आम बात हो गई है। इससे वहां निवासरत छात्रों के साथ कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना घटित होने की आशंका बनी रहती है।

इसके अतिरिक्त, बरसात के दिनों में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पूरे छात्रावास परिसर और कमरों के बाहर भारी जलभराव हो जाता है। इससे न केवल छात्रों का आवागमन बाधित होता है, बल्कि गंदगी और मच्छरों के प्रकोप से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। छात्र नेताओं ने छात्रावास की बदहाल स्थिति की तस्वीरें भी अधिकारियों को सौंपते हुए जर्जर भवन के स्थान पर तत्काल नए भवन की स्वीकृति देने तथा जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु उचित नाली निर्माण व जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश छैदइया, नागेश गुप्ता , नितेश चतुर्वेदी, रविंद्र अंचल, योगेश्वर , अंजय साकत व अन्य उपस्थित रहे।
- मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय न मिलने पर हेलीपैड पहुंचे युवा कांग्रेस और एनएसयूआई पदाधिकारी, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन - November 14, 2026
- महाविद्यालय सहित 53 विकास कार्यों का किया भूमिपूजन और 24 विकास कार्यों का लोकार्पण जिले को दी 465 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात - November 13, 2026
- रायपुर के लाखेनगर चौक में खूनी विवाद: लोहे की वस्तु से सीने पर किया वार, 25 वर्षीय युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार - November 12, 2026



