बिलासपुर: तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा गया
कतियापारा उदई चौक के पास मचा रहा था दहशत, पुलिस ने धारदार तलवार की जब्त

बिलासपुर। शहर में दहशत फैलाने और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को धारदार तलवार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कतियापारा उदई चौक के पास एक युवक धारदार तलवार लहराकर लोगों को भयभीत कर रहा है।
सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मिथलेश सिंह ठाकुर उर्फ डोमचुल (26 वर्ष), पिता राकेश सिंह ठाकुर, निवासी कतियापारा उदई चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार तलवार बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 627/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले और दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर निगरानी रखकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- बिलासपुर: तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा गया - October 25, 2026
- सरगुजा: घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार - October 25, 2026
- थाना सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद; दो अलग-अलग मामलों में 1 नाबालिग सहित 5 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई - October 24, 2026


