लोरमी के जमुनाही में हाथियों का आतंक: तड़के 3 बजे घर की ओर बढ़ा झुंड, पत्नी-बच्चों को लेकर भागा ग्रामीण

लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी वनांचल क्षेत्र के ग्राम जमुनाही में शनिवार तड़के हाथियों के झुंड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर एक ग्रामीण की नींद खुली, तो सामने झुंड को अपनी ओर बढ़ते देख उसने आनन-फानन में पत्नी और बच्चों को लेकर घर छोड़ दिया और बस्ती की ओर भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, मवेशियों की मौत और घरों को नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुनाही निवासी नीलकंठ यादव को सुबह करीब 3 बजे हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने घर से बाहर निकलकर टॉर्च की रोशनी में देखा तो हाथियों का झुंड उनके घर की ओर बढ़ रहा था। खतरे को भांपते हुए नीलकंठ यादव ने बिना देर किए अपनी पत्नी और बच्चों को साथ लिया और सुरक्षित स्थान की तलाश में बस्ती की ओर भाग निकले।

बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड ने घर के पास खूंटे से बंधे मवेशियों को कुचल दिया। इसके अलावा, कुछ ग्रामीणों के घरों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद वनांचल क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों को हाथियों की आवाजाही के बीच अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

फिलहाल, घटना में मवेशियों की मौत और संपत्ति को हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की जांच और जानकारी सामने आने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

- लोरमी के जमुनाही में हाथियों का आतंक: तड़के 3 बजे घर की ओर बढ़ा झुंड, पत्नी-बच्चों को लेकर भागा ग्रामीण - October 24, 2026
- उपमुख्यमंत्री साव से जनप्रतिनिधियों ने भेंटकर जाना कुशलक्षेम एवं नगर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की चर्चा की - October 24, 2026
- केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू तीन दिवसीय भुवनेश्वर प्रवास पर, मंत्रालय के अहम राष्ट्रीय आयोजनों में करेंगे शिरकत - October 23, 2026



