ग्राम बांधा में जुनापारा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 31 नग सागौन की लकड़ी बरामद
पूर्व सरपंच के घर पर दी गई दबिश, पुत्र के कब्जे से चिरान और सिलपट जब्त

बांधा/जूनापारा। ग्राम बांधा में लकड़ी तस्करी के विरुद्ध जूनापारा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 नग सागौन की लकड़ी बरामद की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बांधा के पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के निवास पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान पूर्व सरपंच के पुत्र राजेश सोनवानी के कब्जे से सागौन की लकड़ी चिरान एवं सिलपट के रूप में बरामद हुई। वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बांधा पूर्व में लकड़ी तस्करी और अवैध शराब की गतिविधियों के कारण संवेदनशील गांव माना जाता रहा है। पिछले एक-दो वर्षों से बिलासपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं कोटा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्रीमती नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में जूनापारा पुलिस द्वारा गांव में लगातार पेट्रोलिंग, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और ग्रामीणों के साथ जनसंपर्क किया जा रहा है।
पुलिस की इन गतिविधियों और ग्रामीणों के सहयोग से गांव में अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचनाएं उपलब्ध कराने से अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई में मदद मिल रही है। हाल ही में जूनापारा पुलिस द्वारा चोरी के मामलों में संलिप्त आरोपियों और अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई थी।

मुखबिर तंत्र मजबूत होने से पुलिस और वन विभाग को अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिल रही है। इसी क्रम में आज मिली सूचना पर दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने ग्राम बांधा में कार्रवाई की। बरामद लकड़ी के संबंध में वन विभाग द्वारा वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई में जूनापारा पुलिस चौकी प्रभारी संजीव ठाकुर एवं स्टाफ और वन विभाग के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस एवं वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
- ग्राम बांधा में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 31 नग सागौन की लकड़ी बरामद - October 16, 2026
- पामगढ़ में पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज का भव्य स्वागत, गुरु भक्ति से भक्तिमय हुआ श्री अद्वैत आश्रम - October 16, 2026
- लोरमी मुख्य मार्ग की ऊँचाई यथावत रखने व्यापारियों ने उपमुख्यमंत्री से की मांग आज जनदर्शन में - October 14, 2026


