ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, 04 फरार वारंटी गिरफ्तार, जुआ खेलते 02 आरोपी पकड़े गए
बिलासपुर और मुंगेली से पकड़े गए चार स्थायी वारंटी, जुआरियों से नगदी व दो बाइक जब्त, अवैध शराब बिक्री की सूचना पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस ने फरार वारंटियों, जुआ खेलने वालों और अवैध शराब बिक्री की गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, 52 पत्ती से काटपत्ती जुआ खेलते दो आरोपियों को पकड़कर नगदी और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई। अवैध शराब बिक्री की सूचना पर एक व्यक्ति के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

चार फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी कर चार फरार स्थायी वारंटियों को बिलासपुर एवं मुंगेली से पकड़ा गया। गिरफ्तार वारंटियों में गोवर्धन यादव (32 वर्ष), निवासी पंडरभट्ठा, जो थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के वर्ष 2020 के अपराध क्रमांक 472/20 में धारा 294, 506, 323, 34 भादवि के तहत फरार था, उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह चेक बाउंस के वर्ष 2023 के प्रकरण क्रमांक 8243/2023, धारा 138 एनआई एक्ट में फरार शुभम शर्मा (30 वर्ष), निवासी ग्राम हरदी, थाना पथरिया को मुंगेली से पकड़ा गया।
वर्ष 2021 के अपराध क्रमांक 554/21, धारा 279, 337, 338 भादवि के मामले में फरार राजू साहू (30 वर्ष), निवासी लिंगियाडीह, थाना सरकंडा, बिलासपुर को जिला अस्पताल बिलासपुर के पास गिरफ्तार किया गया। वहीं, धारा 406 भादवि के मामले में फरार योगेश सोनवानी (35 वर्ष), निवासी गांधी नगर सोढार को मुंगेली से पकड़ा गया। चारों वारंटियों को न्यायालय में पेश किया गया।

काटपत्ती जुआ खेलते दो आरोपी गिरफ्तार
थाना सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र में 21 नवंबर 2026 को किरण फ्यूल्स के पास रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती से काटपत्ती जुआ खेल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मौके पर पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान कुरैशी (30 वर्ष), निवासी बड़ा बाजार मुंगेली और शेर सिंह (47 वर्ष), निवासी रामगढ़, थाना मुंगेली शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 1,700 रुपये नगद एवं जुआ खेलने में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त कर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की।
अवैध शराब बिक्री की सूचना पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
थाना फास्टरपुर क्षेत्र के ग्राम खैरा सेतगंगा में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने 21 नवंबर को निरंजन टोंडर (50 वर्ष), पिता बैसाखू टोंडर, निवासी खैरा सेतगंगा की दुकान पर दबिश दी। मौके पर शराब बरामद नहीं हुई, लेकिन सूचना की तस्दीक में शराब बिक्री की गतिविधि सामने आने पर संबंधित व्यक्ति को भविष्य में शराब बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस ने उसके विरुद्ध थाना फास्टरपुर में इस्तगासा क्रमांक 21/173/2026 के तहत धारा 126, 135(3), 170 बीएनएसएस में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी तथा जुआ, सट्टा और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
- अब सेवा सेतु पोर्टल से ऑनलाइन होगा विद्यार्थियों के टीसी आवेदन का निराकरण - November 23, 2026
- ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, 04 फरार वारंटी गिरफ्तार, जुआ खेलते 02 आरोपी पकड़े गए - November 23, 2026
- भालू हमले से पीड़ित गरीब आदिवासी को नहीं मिला अभी तक न्याय इस न्याय की लड़ाई में आगे आए जनपद सदस्य विद्यानंद वीडियो में देखे क्या कहा उन्होंने - November 22, 2026

