सरगुजा: घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

लोहे की पाइप और लकड़ी के डंडे से की थी पिटाई, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सामान किया जब्त
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर विवाद के दौरान लोहे की पाइप और लकड़ी के डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप, लकड़ी का डंडा, कराकट शीट का टुकड़ा और मृतका की टूटी हुई चूड़ियां जब्त की हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 की है। आरोपी आलोक गिरी का अपनी पत्नी मानमति से घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर लोहे की पाइप और लकड़ी के सूखे डंडे से मारपीट की, जिससे मानमति को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले में प्रार्थिया मालती देवी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 737/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और प्रार्थिया सहित गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद संदेही आलोक गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप, लकड़ी का डंडा, कराकट शीट का टुकड़ा और मृतका की टूटी चूड़ियां जब्त की गईं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक विजय गुप्ता तथा आरक्षक डॉक्टर सिदार, परवेज फिरदौशी, विवेक राय और नितिन सिन्हा की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गंभीर अपराधों में आरोपियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- बिलासपुर: तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा गया - October 25, 2026
- सरगुजा: घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार - October 25, 2026
- थाना सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद; दो अलग-अलग मामलों में 1 नाबालिग सहित 5 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई - October 24, 2026


