केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुंगेली जिले में ₹3.37 करोड़ की लागत से बनने वाले एनीकट का किया भूमिपूजन

मुंगेली, छत्तीसगढ़
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने मुंगेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुधवारा में आगर नदी पर प्रस्तावित लगभग ₹3 करोड़ 37 लाख की लागत से बनने वाले 60 मीटर लंबे एनीकट निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए बहुआयामी लाभ प्रदान करेगी।

इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि एनीकट निर्माण से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, भू-जल स्तर सुदृढ़ होगा तथा सिंचाई सुविधाओं में व्यापक विस्तार होगा। इससे ग्राम बुधवारा एवं दुल्लापुर के मध्य सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा और दोनों गांवों के बीच दूरी भी कम होगी। साथ ही, ग्रीष्मकाल में भू-जल रिचार्ज में वृद्धि होगी तथा ग्राम सेमरकोना से अमरटापू तक जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह परियोजना बुधवारा एवं आसपास के गांवों में पानी की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सिंचित रकबे में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनीकट निर्माण से किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता हेमेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि इस परियोजना से लगभग 41 हेक्टेयर रबी एवं 41 हेक्टेयर खरीफ फसलों के सिंचित क्षेत्र में वृद्धि होगी, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार होगा।

कार्यक्रम में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित जनप्रतिनिधिगण, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने इस जनकल्याणकारी परियोजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
- लोरमी में जनभागीदारी से कोतरी नदी की सूरत बदलने की मुहिम, तीसरे रविवार को भी युवाओं और नागरिकों ने पार्षद के नेतृत्व में किया श्रमदान - September 20, 2026
- लोरमी पुलिस की ताबड़तोड़ बड़ी कार्रवाई: 6 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार - September 20, 2026
- युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : तोखन साहू 👉 रायपुर में 20वें रोजगार मेले में 215 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए - September 20, 2026



