मुंगेली में साइबर जागृति की पहल: 450 विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ, बाजारों में 1000 लोगों को किया जागरूक



स्कूल में रंगोली के जरिए दिया साइबर सुरक्षा का संदेश, बाजारों में पम्पलेट बांटकर पुलिस ने समझाए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके

मुंगेली। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिलेभर में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत मंगलवार को स्कूल से लेकर साप्ताहिक बाजार तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

ग्राम बंधवा स्थित पीएम श्री एकलव्य विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही ने करीब 450 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराध के बढ़ते स्वरूप और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी।
रंगोली में दिखी साइबर सुरक्षा की तस्वीर

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा विषय पर रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों और शिक्षकों ने साइबर फ्रॉड से बचने तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
गोंडखाम्ही और कोदवाबानी बाजार में भी पहुंची पुलिस

स्कूल के बाद पुलिस टीम ने थाना लोरमी क्षेत्र के गोंडखाम्ही तथा थाना लालपुर क्षेत्र के कोदवाबानी के साप्ताहिक मंगलवार बाजारों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। यहां सब्जी विक्रेताओं, किराना व्यापारियों, सोने-चांदी के कारोबारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी दी गई।

दोनों बाजारों में करीब 1000 लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए और जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी को भी ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी न दें और संदिग्ध कॉल या मैसेज से सावधान रहें। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए अपने बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम में उप निरीक्षक सुन्दर लाल गोरले, थाना प्रभारी लालपुर प्र.उप निरीक्षक हर्षा वर्मा, तेज मरकाम, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास, अतुल ठाकुर सहित थाना लालपुर एवं लोरमी के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

मुंगेली पुलिस का यह अभियान स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए जागरूक करने की दिशा में लगातार जारी है।

- मुंगेली में साइबर जागृति की पहल: 450 विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ, बाजारों में 1000 लोगों को किया जागरूक - September 8, 2026
- जनदर्शन बना जरूरतमंदों के लिए उम्मीद का मंच जिले के करुपान निवासी महेंद्र साहू को मिली बैटरी चलित ट्राईसाइकिल - September 8, 2026
- केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं को दिया सेवा का मंत्र; 25 वर्षों की सुशासन यात्रा को समर्पित एक माह के अभियान की रूपरेखा तैयार - September 8, 2026



