लेटेस्ट न्यूज़
नवलपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा: जमीन विवाद में सगे भाई ने ही की भाई-भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार | केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की मुलाकात, मुंगेली जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी | मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साय सरकार दे रही गति : तोखन साहू | नारी शक्ति का सम्मान, सशक्त भारत की पहचान; महिला आयोग बने न्याय और सुरक्षा का मजबूत प्रहरी : तोखन साहू | लोरमी पुलिस का चोरों पर कड़ा प्रहार: 24 घंटे में 3 चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार | लोरमी पुलिस का चोरों पर कड़ा प्रहार: 24 घंटे में 3 चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार |
लेटेस्ट न्यूज़
नवलपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा: जमीन विवाद में सगे भाई ने ही की भाई-भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार | केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने की मुलाकात, मुंगेली जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग रखी | मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साय सरकार दे रही गति : तोखन साहू | नारी शक्ति का सम्मान, सशक्त भारत की पहचान; महिला आयोग बने न्याय और सुरक्षा का मजबूत प्रहरी : तोखन साहू | लोरमी पुलिस का चोरों पर कड़ा प्रहार: 24 घंटे में 3 चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार | लोरमी पुलिस का चोरों पर कड़ा प्रहार: 24 घंटे में 3 चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार |

RECENT POSTS

नवलपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा: जमीन विवाद में सगे भाई ने ही की भाई-भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Picture of ashwani agrawal

ashwani agrawal

नवलपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा: जमीन विवाद में सगे भाई ने ही की भाई-भाभी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

लोरमी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुदरी बरामद

मुंगेली/लोरमी, 1 सितंबर 2026। लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में हुए दंपति के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद और पुरानी रंजिश के चलते मृतक नंदकुमार कश्यप की उसके सगे भाई नंदु कश्यप ने हत्या की थी। वारदात के दौरान मृतक की पत्नी गौरीबाई कश्यप ने आरोपी को पहचान लिया, जिसके बाद आरोपी ने उनकी भी हत्या कर दी।

पुलिस ने मामले में नंदु कश्यप (46), निवासी ग्राम नवलपुर, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुदरी भी बरामद की गई है।

फोन बंद होने पर हुआ संदेह

पुलिस के अनुसार, मृतक दंपति के पुत्र मोहन कश्यप ने 25 अगस्त को थाना लोरमी में सूचना दी थी। उसने बताया कि उसके पिता नंदकुमार कश्यप और मां गौरीबाई ग्राम नवलपुर स्थित अपने मकान में रहते थे। 18 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे उसकी मां से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद मोबाइल रिचार्ज खत्म होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।

23 अगस्त को रिचार्ज कराने के बाद लगातार फोन करने के बावजूद माता-पिता से बात नहीं हुई। संदेह होने पर 24 अगस्त को मोहन ने अपने चाचा नंदु कश्यप को घर जाकर देखने के लिए कहा। नंदु ने घर में ताला लगे होने की जानकारी दी।

इसके बाद मोहन और उसका भाई नवलपुर पहुंचे। घर के बाहर ताला लगा था, जबकि अंदर से दुर्गंध आ रही थी। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर दोनों अलग-अलग बिस्तरों पर मृत मिले। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना लोरमी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

दोनों शवों का पोस्टमार्टम बिलासपुर स्थित सिम्स में कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत हत्या से होना पाए जाने के बाद थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जमीन विवाद बना हत्या की मुख्य वजह

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों की जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों तथा संभावित संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से चले आ रहे पैतृक जमीन के विवाद की जानकारी मिली।

पूछताछ में सामने आया कि पिता की करीब 8 एकड़ पैतृक जमीन में से 3-3 एकड़ दोनों भाइयों के हिस्से में आई थी, जबकि 1 एकड़ बहन के नाम की गई थी। करीब 50 डिसमिल जमीन पिता के पास थी। माता-पिता की देखरेख करने के कारण यह जमीन नंदु कश्यप को मिलने की बात थी, लेकिन मृतक नंदकुमार द्वारा इसमें आधा हिस्सा मांगे जाने से दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया था।

हत्या से तीन दिन पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 16 अगस्त को खेत में खाद डालने के बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। नंदु द्वारा बांधी गई खेत की मेड़ को नंदकुमार ने तोड़ दिया था, जिससे खाद पानी के साथ बह गई। इस घटना के बाद दोनों भाइयों के बीच तनाव और बढ़ गया।

17 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे नंदु कश्यप अपने भाई नंदकुमार के घर उसे जान से मारने के इरादे से पहुंचा था। दोनों के बीच विवाद हुआ, लेकिन इसी दौरान नंदकुमार का साला केदार कश्यप वहां पहुंच गया। इसके बाद नंदु वापस अपने घर चला गया।

छत के रास्ते घर में घुसकर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की दरम्यानी रात नंदु कश्यप लोहे की कुदरी लेकर भाई के घर पहुंचा। वह पड़ोसी की बाड़ी की ओर से मकान की बाउंड्री पार कर छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ।

सीढ़ियों से नीचे उतरने पर उसने देखा कि नंदकुमार और उसकी पत्नी गौरीबाई बरामदे में अलग-अलग स्थान पर सो रहे थे। आरोपी ने पहले नंदकुमार के सिर पर लोहे की कुदरी से हमला किया। आवाज सुनकर गौरीबाई जाग गईं और उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने उन पर भी कुदरी से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने घटना को सामान्य दिखाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए घर के कमरे और अलमारी खोल दिए। उसने घर के आंगन में रखे पानी से अपने हाथ-पैर और हत्या में प्रयुक्त कुदरी को धोया तथा मकान में बाहर से ताला लगाकर वहां से चला गया। बाद में कुदरी को ट्यूबवेल में छिपा दिया।

आरोपी ने कबूला अपराध, कुदरी बरामद

पुलिस की पूछताछ में आरोपी नंदु कश्यप ने जमीन विवाद और रंजिश के चलते अपने भाई नंदकुमार एवं उसकी पत्नी गौरीबाई की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर ट्यूबवेल से घटना में प्रयुक्त लोहे की कुदरी बरामद की गई।

पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को 1 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित थाना लोरमी एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Ashwani Agrawal
मुंगेली / लोरमी न्यूज़
CRIME NEWS
RECENT POSTS