शासकीय राशन दुकान में चोरी का खुलासा, 5 बोरी चावल बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली। जिले के डिंडौरी चौकी क्षेत्र के ग्राम साल्हेघोरी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर सेल और चौकी डिंडौरी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 5 बोरी चावल, जिसकी कुल कीमत करीब 13,724 रुपये है, बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम साल्हेघोरी निवासी जलेश्वर साहू शासकीय उचित मूल्य की दुकान में विक्रेता हैं। 27 अगस्त 2026 की शाम राशन वितरण के बाद वह दुकान में ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन 28 अगस्त की सुबह करीब 6:40 बजे दुकान का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। दुकान के अंदर जांच करने पर 5 बोरी चावल गायब पाए गए। मामले की शिकायत पर चौकी डिंडौरी में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में साइबर सेल और चौकी डिंडौरी की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस ने बेसिक पुलिसिंग, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार के घटना में शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में रामानंद ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी राजेश सारथी के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम साल्हेघोरी पहुंचकर शासकीय राशन दुकान से 5 बोरी चावल चोरी किए थे। इसके बाद चोरी का चावल ग्राम गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू के घर/दुकान में बेच दिया गया था।
पुलिस ने अनिल साहू से पूछताछ कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 5 बोरी चावल बरामद कर लिए।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे पर अलग से कार्रवाई
पुलिस ने मामले में रामानंद अहिरवार (27), निवासी सारधा, थाना लोरमी और चोरी का सामान खरीदने वाले अनिल साहू (30), निवासी गोंड खाम्ही, थाना लोरमी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले में शामिल एक अन्य आरोपी राजेश सारथी वर्तमान में एक अन्य प्रकरण में जिला बिलासपुर की जेल में निरुद्ध है। उसके खिलाफ इस मामले में पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, चौकी डिंडौरी प्रभारी उप निरीक्षक मान सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- शासकीय राशन दुकान साल्हेघोरी में चोरी का खुलासा, 5 बोरी चावल बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार - September 14, 2026
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित होगा एक दीया: तोखन साहू - September 13, 2026
- केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की पहल से लोरमी के फुलवारी एफ, मुंगेली के करूपान और कोटा के सिमरिया में नवीन धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत - September 13, 2026



