मुंगेली में भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा 28 और 29 अक्टूबर को
कलेक्टर ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की, राहत एवं बचाव के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित

मुंगेली, 26 अक्टूबर। मौसम विभाग ने मुंगेली जिले में 28 और 29 अक्टूबर को खराब मौसम की आशंका के मद्देनजर चेतावनी जारी की है। 29 अक्टूबर को अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रहने तथा 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है।
कलेक्टर ने सावधानी बरतने की अपील की
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदान, ऊंचे स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान जर्जर भवनों, कमजोर मकानों, बिजली के खंभों, विद्युत तारों, पेड़ों और होर्डिंग से दूर रहें।
उन्होंने नागरिकों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने तथा अफवाहों और अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
किसानों को फसलों की सुरक्षा की सलाह
जिला प्रशासन ने किसानों को खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर काम करने से बचने की सलाह दी है। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा पक चुकी धान, दलहन और तिलहन फसलों की कटाई मौसम की स्थिति को देखते हुए टालने को कहा गया है। पहले से कटी फसलों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रखने की सलाह भी दी गई है।
वहीं, पशुपालकों से पशुओं को सुरक्षित एवं आश्रय वाले स्थानों पर रखने और उनके लिए पर्याप्त सूखे चारे तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, ताकि आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क नंबर: 07755-264440
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
- मुंगेली में भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा 28 और 29 अक्टूबर को - October 26, 2026
- रायपुर खमतराई में नाबालिगों का बाइक चोर गिरोह पकड़ा गया, 5 विधि से संघर्षरत बालक पकड़ाए - October 26, 2026
- रायपुर: बंद फैक्ट्री में डकैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 17 लाख का माल बरामद - October 26, 2026


