लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
26 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया मोटरसाइकिल चोरी का मामला, ₹2.10 लाख की बाइकें जब्त
मुंगेली/लोरमी, 20 सितंबर 2026।


लोरमी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब ₹2.10 लाख बताई गई है, बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर निवासी चंद्रशेखर पटेल 17 सितंबर को अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल से खुड़िया डेम घूमने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल CG-10-AT-2684 खुड़िया बांध के पास खड़ी की थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। मामले की शिकायत पर लोरमी थाने में अपराध क्रमांक 400/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर चरन कुर्रे (22 वर्ष) और अमित चेलकर (21 वर्ष), निवासी अमलडीही, थाना लोरमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना स्वीकार की और अन्य स्थानों से चोरी की गई पांच और मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी दी।
6 मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें हीरो एचएफ डीलक्स की अलग-अलग मोटरसाइकिलों के साथ एक हीरो बाइक और एक होंडा साइन शामिल है। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत ₹2,10,000 बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
पुलिस की नागरिकों से अपील
जिला पुलिस की अपील
जिला पुलिस मुंगेली ने नागरिकों से घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने में देने की अपील की गई है।
- लोरमी में जनभागीदारी से कोतरी नदी की सूरत बदलने की मुहिम, तीसरे रविवार को भी युवाओं और नागरिकों ने पार्षद के नेतृत्व में किया श्रमदान - September 20, 2026
- लोरमी पुलिस की ताबड़तोड़ बड़ी कार्रवाई: 6 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार - September 20, 2026
- युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : तोखन साहू 👉 रायपुर में 20वें रोजगार मेले में 215 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए - September 20, 2026



