अब सेवा सेतु पोर्टल से ऑनलाइन होगा विद्यार्थियों के टीसी आवेदन का निराकरण

शासकीय स्कूलों के प्राचार्यों को दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण, विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिलेगी कार्यालयीन प्रक्रियाओं से राहत
मुंगेली, 22 नवंबर। विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन मुंगेली द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। अब सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों के टीसी आवेदनों का ऑनलाइन निराकरण किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के प्रभावी संचालन को लेकर शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण भी दिया गया।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। डिप्टी कलेक्टर मृणमयी शुक्ला की उपस्थिति में आयोजित कार्यशाला में जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को सेवा सेतु पोर्टल के संचालन एवं टीसी आवेदनों के ऑनलाइन निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्राचार्यों को पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का परीक्षण, आवेदन के साथ संलग्न आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तथा नियमानुसार ऑनलाइन आवेदन निराकरण के विभिन्न चरणों से अवगत कराया गया। साथ ही पोर्टल की तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि प्राचार्य प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं सुचारू रूप से निराकरण कर सकें।
विद्यार्थियों और अभिभावकों को मिलेगी राहत
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से टीसी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए अनावश्यक कार्यालयीन प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी। इससे आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा समय पर निराकरण और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
डिजिटल माध्यम से शैक्षणिक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशिक्षण कार्यशाला में ईडीएम चिप्स सोनम शर्मा सहित जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
- अब सेवा सेतु पोर्टल से ऑनलाइन होगा विद्यार्थियों के टीसी आवेदन का निराकरण - November 23, 2026
- ऑपरेशन बाज के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, 04 फरार वारंटी गिरफ्तार, जुआ खेलते 02 आरोपी पकड़े गए - November 23, 2026
- भालू हमले से पीड़ित गरीब आदिवासी को नहीं मिला अभी तक न्याय इस न्याय की लड़ाई में आगे आए जनपद सदस्य विद्यानंद वीडियो में देखे क्या कहा उन्होंने - November 22, 2026

