उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीपावली मिलन समारोह में लोरमी के परिवारजनों के साथ त्यौहार की खुशियां साझा की, दी शुभकामनाएं

त्योहार हमारी सामाजिक एकता और आत्मीयता को मजबूत करते हैं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
स्वच्छ-सुंदर गणेश पंडाल, उत्कृष्ट गणेश झांकी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पुरस्कार प्रदान किया
लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी के कबीर भवन में विधानसभा क्षेत्र के परिवारजनों के साथ दीपावली मिलन समारोह मनाया। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी और त्योहार की खुशियां साझा की। इस अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान किया। वहीं स्वच्छ एवं सुंदर गणेश पंडाल, उत्कृष्ट गणेश झांकी और झांकियों को जन-जन तक पहुंचाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पुरस्कार प्रदान किया।
श्री साव ने कहा कि त्योहार हमारी सामाजिक और पारिवारिक एकता को मजबूत करते हैं। ये हमें एक-दूसरे से जोड़ते हैं और साथ मिलकर खुशियां बांटने का अवसर देते हैं। दीपावली का पर्व भी आपसी प्रेम, सद्भाव और अपनत्व का संदेश देता है। आज लोरमी परिवार एक साथ मिलकर त्योहार की खुशियां मना रहा है। उन्होंने कहा कि लोरमी ने विकास कार्यों के साथ अपनी एक अलग पहचान बनाई है। लोरमी के मान, सम्मान और गौरव को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
गणेश उत्सव के दौरान आकर्षक साज-सज्जा, स्वच्छता और सुंदर पंडाल के लिए गणेश उत्सव समितियों को पुरस्कार प्रदान किए। उत्कृष्ट गणेश झांकी प्रस्तुत करने वाली समितियों का भी सम्मान किया गया। वहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से इन झांकियों की विशेषताओं और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने वाले इन्फ्लुएंसर्स को भी पुरस्कृत किया गया। झांकियों में बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे और विकास की बदलती तस्वीर को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया था। साथ ही नशामुक्ति का संदेश देकर सामाजिक जागरूकता की सराहनीय पहल की गई।
दीपावली मिलन समारोह में श्री साव ने कहा कि लोरमी की पहचान केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं भी इसे विशेष पहचान दिला रही हैं। गणेश उत्सव के दौरान युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और आकर्षक झांकियों ने लोरमी को एक पहचान दी है। इन झांकियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और अध्यात्म को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास हो रहा है। आज लोरमी की गणेश झांकियों की चर्चा दूसरे जिलों में भी हो रही है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। हमारा प्रयास है कि लोरमी की सांस्कृतिक विरासत और गौरव को प्रदेशभर में पहचान मिले।
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीपावली मिलन समारोह में लोरमी के परिवारजनों के साथ त्यौहार की खुशियां साझा की, दी शुभकामनाएं - November 19, 2026
- रायपुर में 8.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, एक्टिवा सहित 2.13 लाख का मशरूका जब्त - November 16, 2026
- मुंगेली: कोयले से लोड ट्रेलर चोरी करने वाला आरोपी 7 घंटे के भीतर गिरफ्तार, 42.43 लाख रुपये का माल बरामद - November 16, 2026

