रायपुर में 8.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, एक्टिवा सहित 2.13 लाख का मशरूका जब्त
कारी तालाब के पास ग्राहक तलाश रहा था आरोपी, आजाद चौक पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना आजाद चौक पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.16 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा, 1,800 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत लगभग 2 लाख 13 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 नवंबर 2026 को थाना आजाद चौक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कारी तालाब के पास एक व्यक्ति अपने पास नशीला मादक पदार्थ रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिंसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी साकोरे के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आजाद चौक पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमित देवांगन उर्फ वासु (35 वर्ष), पिता बसंत देवांगन बताया। वह मूलतः ब्राह्मणपारा, आजाद चौक का निवासी है तथा वर्तमान में कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती रायपुर में रह रहा था।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 63 हजार 200 रुपये बताई गई है, बिक्री की रकम 1,800 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 302/26, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
नशे के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से प्रतिबंधित मादक पदार्थ की उपलब्धता, सप्लाई करने वाले स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
- रायपुर में 8.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, एक्टिवा सहित 2.13 लाख का मशरूका जब्त - November 16, 2026
- मुंगेली: कोयले से लोड ट्रेलर चोरी करने वाला आरोपी 7 घंटे के भीतर गिरफ्तार, 42.43 लाख रुपये का माल बरामद - November 16, 2026
- कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने, सही माप-तौल, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश धान खरीदी में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी, अनियमितता मिलने पर होगी कार्यवाही - November 16, 2026



