रायपुर: बंद फैक्ट्री में डकैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 17 लाख का माल बरामद
चौकीदार को रस्सी से बांधकर दिया था वारदात को अंजाम, एक सप्ताह तक की थी फैक्ट्री की रेकी; अन्य आरोपी फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर की बंद अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत का चोरी-डकैती का सामान, वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस वाहन और स्कूटी जब्त की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है। यहां चौकीदार के रूप में काम करने वाले दिलीप कुमार वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे ड्यूटी के दौरान 7-8 नकाबपोश आरोपी फैक्ट्री में पहुंचे। आरोपियों ने चौकीदार के हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांधकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद कार्यालय और फैक्ट्री में रखे एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम व कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, नकदी, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया।

वारदात के दौरान आरोपी फैक्ट्री की दीवार तोड़कर सामान बाहर ले गए और खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर फरार हो गए। शिकायत पर कबीर नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 217/26 के तहत बीएनएस की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एक सप्ताह तक की थी रेकी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों पर लगे कैमरों के फुटेज का भी विश्लेषण किया गया। साथ ही मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सरोना, डीडी नगर निवासी संदीप नेताम के संबंध में जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। घटना वाली रात सभी आरोपी टाटा एस वाहन और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे थे। चौकीदार को बंधक बनाने के बाद सामान समेटकर टाटा एस वाहन में रखा और फरार हो गए।

ये सामान हुआ जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल समेत अन्य सामग्री जब्त की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस चारपहिया वाहन और स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
- संदीप नेताम (35 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 14, कमरा नंबर 14, सरोना, थाना डीडी नगर, रायपुर।
- अजीत भारती (30 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना, थाना डीडी नगर, रायपुर।
- उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27 वर्ष), निवासी देवारपारा, सुभाषनगर, थाना तेलीबांधा, रायपुर।
पुलिस के मुताबिक, संदीप नेताम पूर्व में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के चोरी और मारपीट के मामले में, उमेन्द्र ठाकुर नकबजनी के मामले में तथा अजीत भारती प्रतिबंधात्मक धाराओं से संबंधित मामले में जेल जा चुके हैं।

मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक चोरी, नकबजनी, स्नेचिंग, लूट और डकैती के 150 मामलों में 237 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 4 करोड़ 66 लाख 25 हजार 100 रुपये कीमत की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
- मुंगेली में भारी बारिश और तेज हवाओं का रेड अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा 28 और 29 अक्टूबर को - October 26, 2026
- रायपुर खमतराई में नाबालिगों का बाइक चोर गिरोह पकड़ा गया, 5 विधि से संघर्षरत बालक पकड़ाए - October 26, 2026
- रायपुर: बंद फैक्ट्री में डकैती करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 17 लाख का माल बरामद - October 26, 2026


