सरगुजा: तीन दुकानों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, टैब और नकदी समेत 20 हजार का सामान बरामद

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में कोतवाली पुलिस ने तीन अलग-अलग दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में 23 वर्षीय युवक विकास तिग्गा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टैब और 5 हजार रुपये नकद समेत करीब 20 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मेडिकल स्टोर, किराना दुकान और श्रृंगार स्टोर में चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिवशंकर साहनी ने 24 अक्टूबर 2026 को अपनी दुकान ‘साहनी श्रृंगार स्टोर’ से नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 753/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में तीन दुकानों में चोरी का खुलासा
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर विकास तिग्गा को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने तीन दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 24 जुलाई 2026 की रात नमनाकला स्थित नंदन मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर रियलमी कंपनी का एक टैब और 3 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। वहीं, 16 अक्टूबर 2026 की रात भाथूपारा स्थित महामाया किराना दुकान का शटर तोड़कर किराना सामान चोरी किया, जिसे बाद में खा लिया।
इसके अलावा, 23 अक्टूबर की रात नमनाकला के खटिकपारा स्थित साहनी श्रृंगार स्टोर का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने की बात भी आरोपी ने स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
सूरजपुर जिले में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध सूरजपुर जिले में पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूछताछ में उसने गांधीनगर और मणिपुर थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, आरक्षक विवेक राय और आरक्षक नितिन सिन्हा की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- सरगुजा: तीन दुकानों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, टैब और नकदी समेत 20 हजार का सामान बरामद - October 25, 2026
- बिलासपुर: तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा गया - October 25, 2026
- सरगुजा: घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार - October 25, 2026


