सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी और ग्राम लगरा में सेवा सेतु शिविर आयोजित
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ, विभागीय स्टॉलों के माध्यम से दी गई योजनाओं की जानकारी

मुंगेली, 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका लोरमी के मानस भवन एवं ग्राम लगरा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नामांतरण, पेंशन सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन एवं कार्यों का निराकरण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली तथा ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई, अन्नप्राशन एवं सुपोषण टोकरी वितरण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
शिविर में श्रम कल्याण विभाग द्वारा हितग्राहियों को श्रम पंजीयन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा हितग्राहियों को फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।

इसी क्रम में नोनी सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, महिला स्व-सहायता समूह को चेक तथा मत्स्य पालकों को जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को छड़ी, श्रवण यंत्र एवं पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित रहे और विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाया। इस दौरान जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

- सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी और ग्राम लगरा में सेवा सेतु शिविर आयोजित - October 7, 2026
- नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन पर आकृति अस्पताल पथरिया में कार्रवाई, ओटी और आईसीयू सील - October 7, 2026
- हरअंचल में पहुंचेगी विकास की बयार: तोखन साहू की पहल पर 1.44 करोड़ के 18 निर्माण कार्यों की स्वीकृति, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार - October 7, 2026

