लूथरा शरीफ उर्स को लेकर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन, 30 सितंबर से लागू होगी व्यवस्था

बिलासपुर, 29 सितंबर 2026। लूथरा शरीफ में आयोजित होने वाले उर्स को देखते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर ने श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए भारी वाहनों के मार्ग में बदलाव किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश पर यह यातायात व्यवस्था लागू की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 की सुबह 6 बजे से 2 अक्टूबर 2026 की शाम 6 बजे तक भारी वाहनों के लिए निर्धारित मार्गों पर डायवर्जन रहेगा। इस दौरान बिलासपुर-सीपत-बलौदा मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
ये रहेगा परिवर्तित मार्ग
1. बिलासपुर से बलौदा जाने वाले भारी वाहन
बिलासपुर से अकलतरा होते हुए बलौदा जाएंगे। बिलासपुर-सीपत-बलौदा मार्ग भारी वाहनों के लिए बंद रहेगा।
2. बलौदा से बिलासपुर जाने वाले भारी वाहन
बलौदा से अकलतरा होते हुए बिलासपुर की ओर जाएंगे। बलौदा-सीपत-बिलासपुर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
3. सीपत से बलौदा जाने वाले भारी वाहन
सीपत से गतौरा होते हुए अकलतरा मार्ग का उपयोग करेंगे।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
उर्स में आने वाले श्रद्धालुओं के चार पहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। बलौदा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दादी अम्मा के आगे मंडी में तथा सीपत की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आदिवासी मंदिर के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित परिवर्तित मार्ग का ही उपयोग करें, ताकि उर्स के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने तथा यातायात पुलिस के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा दिए जाने वाले आवश्यक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस ने बताया कि आवागमन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यकता पड़ने पर अन्य तात्कालिक यातायात निर्देश भी जारी किए जा सकते हैं।
- लूथरा शरीफ उर्स को लेकर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन, 30 सितंबर से लागू होगी व्यवस्था - September 30, 2026
- राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82.63 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार - September 29, 2026
- साहू समाज शक्ति केन्द्र लाखासार में सामाजिक बैठक एवं वृक्षारोपण का कार्यक्रम का आयोजन - September 28, 2026




