लेटेस्ट न्यूज़
[the_ad id="4350"]
लेटेस्ट न्यूज़

RECENT POSTS

राज्य मंत्री तोखन साहू संकल्प भवन, नई दिल्ली में स्वच्छ भारत दिवस समारोह में सम्मिलित हुए

Picture of ashwani agrawal

ashwani agrawal

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू संकल्प भवन, नई दिल्ली में स्वच्छ भारत दिवस समारोह में सम्मिलित हुए

स्वच्छ भारत मिशन को जनभागीदारी से नई गति मिली है : तोखन साहू

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती और स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की स्वच्छ भारत मिशन टीम के साथ रंगोली निर्माण गतिविधि में सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन महात्मा गांधी जी के स्वच्छता संबंधी आदर्शों को स्मरण करने तथा स्वच्छता, जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी के संदेश को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया।

इस अवसर पर तोखन साहू ने महात्मा गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी ऐसे भारत की कल्पना करते थे, जो राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक सुधार और स्वच्छता के आदर्शों को भी आत्मसात करे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को आत्मनिर्भरता और मानवीय गरिमा से जोड़ा तथा स्वयं झाड़ू उठाकर समाज को स्वच्छता का संदेश दिया।

श्री साहू ने कहा कि महात्मा गांधी जी की स्वच्छ भारत की दृष्टि को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता के संकल्प को देश के सबसे बड़े जनआंदोलनों में से एक का स्वरूप दिया। गांधी जी ने स्वच्छता की दृष्टि की नींव रखी, जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी ने जनभागीदारी, तकनीक, आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन और देशव्यापी स्वच्छता अवसंरचना के माध्यम से इसे व्यापक गति प्रदान की।

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ जैसे अभियानों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने और स्वच्छ भारत मिशन को निरंतर गति देने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से जुड़े प्रयासों का प्रभाव स्वच्छता सुविधाओं, सार्वजनिक स्वास्थ्य, गरिमा और जीवन की गुणवत्ता में सुधार के रूप में दिखाई देता है, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के लिए।

उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और महात्मा गांधी जी के स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए सामूहिक संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

संकल्प भवन में आयोजित स्वच्छ भारत दिवस समारोह ने स्वच्छता को साझा जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करने तथा स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में जनभागीदारी को और सशक्त बनाने के मंत्रालय के संकल्प को रेखांकित किया।

Ashwani Agrawal
[the_ad_group id="76"]
मुंगेली / लोरमी न्यूज़
CRIME NEWS
RECENT POSTS