लोरमी में आयोजित हुई आस पड़ोस युवा संसद, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक

लोरमी। माय भारत केंद्र लोरमी ब्लॉक द्वारा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय, लोरमी में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर आस पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री गुरमीत सलूजा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य, स्वास्थ्य और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं का नशामुक्त एवं जागरूक होना आवश्यक है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार जायसवाल ने की। उन्होंने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा नशे की लत से होने वाली शारीरिक एवं मानसिक क्षति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील यादव ने भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन माय भारत केंद्र के ब्लॉक संयोजक देवेंद्र केशरवानी ने किया। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से विकसित भारत 2047 एवं नशामुक्त युवा विषय पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने नशामुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखकर अपने विचार प्रस्तुत किए और अभियान में अपनी सहभागिता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में शिक्षक आनंद गुप्ता, बीआर चेलक, सीपी साहू, विजय विश्वकर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण, युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में शिक्षक बीआर चेलक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
- लोरमी में आयोजित हुई आस पड़ोस युवा संसद, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प - October 31, 2026
- मुंगेली जिले को बड़ी सौगात: सात सड़कों के निर्माण के लिए 20.30 करोड़ रुपये मंजूर - October 31, 2026
- खुड़िया रेंज के कारीडोंगरी में बाधिन ने किया दो हिरणों का शिकार जंगल एरिया में एलर्ट - October 31, 2026

