त्योहार से पहले मुंगेली पुलिस का शिकंजा: 45 निगरानी और गुंडा बदमाशों की सघन चेकिंग, पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर जिलेभर में चला विशेष अभियान, अपराधियों की गतिविधियों और संपत्ति की ली गई जानकारी

मुंगेली। गणेश चतुर्थी एवं आगामी त्यौहारों को देखते हुए मुंगेली पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों और गैंग हिस्ट्रीशीटरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 45 बदमाशों की सघन चेकिंग की गई। इनमें 08 निगरानी बदमाश, 33 गुंडा बदमाश और 04 गैंग हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं।
एसएसपी कार्यालय में 12 गुंडा बदमाशों की हुई पूछताछ

सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के 12 गुंडा बदमाशों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाकर चेकिंग की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला द्वारा की गई इस चेकिंग में बदमाशों से उनकी वर्तमान गतिविधियों, आय के स्रोत, चल-अचल संपत्ति, आवागमन और उनके आने-जाने वाले स्थानों सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां ली गईं।
पुलिस अधिकारियों ने सभी को दो टूक चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लोरमी में सबसे ज्यादा 23 बदमाशों की चेकिंग

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना लोरमी में 04 निगरानी बदमाश, 15 गुंडा बदमाश और 04 गैंग हिस्ट्रीशीटर, कुल 23 बदमाशों की चेकिंग की गई।
वहीं थाना जरहागांव में 01 निगरानी बदमाश और 01 गुंडा बदमाश, थाना लालपुर में 02 गुंडा बदमाश, थाना चिल्फी में 02 निगरानी बदमाश और 01 गुंडा बदमाश, जबकि अन्य थाना क्षेत्रों में 01 निगरानी बदमाश और 02 गुंडा बदमाशों की चेकिंग की गई।
त्योहार में हुड़दंग किया तो होगी कड़ी कार्रवाई

मुंगेली पुलिस ने सभी निगरानी एवं गुंडा बदमाशों को आगामी त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मुंगेली पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाएं, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
- त्योहार से पहले मुंगेली पुलिस का शिकंजा: 45 निगरानी और गुंडा बदमाशों की सघन चेकिंग, पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी - September 11, 2026
- सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी से सफल होगा जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक प्रमुखों से सहयोग की अपील - September 11, 2026
- पुरानी रंजिश में कुदाली से किया जानलेवा हमला, मुंगेली पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार - September 10, 2026




