
मुंगेली में अग्निवीर चयनित युवाओं का भव्य सैनिक सम्मान समारोह संपन्न
मुंगेली। देशभक्ति, अनुशासन और गौरव की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में मुंगेली जिले के भारतीय सेना में चयनित अग्निवीर युवाओं का भव्य सैनिक सम्मान समारोह विश्राम गृह, मुंगेली में पूर्व सैनिक संगठन द्वारा गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के चयनित नवयुवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मोमेंटो, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने अपने अनुशासन, संगठनात्मक एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। सम्मानित युवाओं में रोहन साहू, पंचम यादव, शिवराज पटेल, शिवा साहू, युवराज, कुलदीप, पुष्पराज, दिव्यानंद साहू, राजा यादव, दीपक, जयकुमार, महेश पटेल, सागर राजपूत, गौकरन, भूपेश सहित अन्य चयनित अभ्यर्थी शामिल रहे।

चयनित युवाओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु एवं मार्गदर्शक त्रिभुवन यादव सहित जिले के समस्त पूर्व सैनिकों को दिया, जिनके मार्गदर्शन में वर्ष 2022 से मुंगेली स्टेडियम में निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है।
पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली के अध्यक्ष एवं डिफेंस ट्रेनर त्रिभुवन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस निःशुल्क प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल युवाओं को सेना में भेजना नहीं, बल्कि मुंगेली जिले को “फौजी जिला” के रूप में स्थापित करना और समाज में अनुशासन, सहयोग एवं राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित शहीद वीर धनंजय सिंह राजपूत के बड़े भाई नेमसिंह राजपूत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेना में जाना गर्व का विषय है, किंतु उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है सैनिक जीवन के अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण को जीवनपर्यंत बनाए रखना। उन्होंने युवाओं से पूर्व सैनिकों के आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।

जीके हब कोचिंग संस्था के संस्थापक अंकित तिवारी ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए रक्षा सेवाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को हरसंभव सहयोग देने तथा संगठन के मार्गदर्शन में निःशुल्क कक्षाएं संचालित करने की घोषणा की।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक सोन सिंह राजपूत एवं कमल मंगेशकर ने चयनित युवाओं को सेना में जीवन, प्रशिक्षण, अनुशासन एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों के संतुलन पर प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं चयनित युवाओं का आभार व्यक्त किया गया। स्वल्पाहार उपरांत “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण अभियान में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संयोजक संतोष साहू का निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त होता रहा है। उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ में निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण की परंपरा को बल मिला है। सेवानिवृत्ति के पश्चात लोरमी से प्रारंभ इस पहल ने आज सैकड़ों युवाओं को सेना में सेवा का अवसर प्रदान किया है, जो न केवल अपने परिवार बल्कि जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
- नारी शक्ति का सम्मान, सशक्त भारत की पहचान; महिला आयोग बने न्याय और सुरक्षा का मजबूत प्रहरी : तोखन साहू - August 30, 2026
- लोरमी पुलिस का चोरों पर कड़ा प्रहार: 24 घंटे में 3 चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार - August 30, 2026
- लोरमी पुलिस का चोरों पर कड़ा प्रहार: 24 घंटे में 3 चोरी के मामलों का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार - August 30, 2026




