उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश लोरमी में नगर उद्यान, सड़क निर्माण कार्यों का लिया जायजा, स्कूल भवन निर्माण के लिए किया भूमिपूजन

लोरमी – उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने आज लोरमी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका लोरमी में निर्माणाधीन नगर उद्यान, लोरमी से गोंडखाम्ही नहर तक लगभग 10 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य, ग्राम सरईपतेरा से हरदीबांध एवं सरईपतेरा से झझपुरी सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने लोरमी में हायर सेकंडरी स्कूल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगर पालिका लोरमी में निर्माणाधीन नगर उद्यान पहुंचकर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वसुविधायुक्त नगर उद्यान बनने से बच्चों को खेलने, नागरिकों को बैठने तथा सुबह-शाम सैर करने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही ओपन जिम की सुविधा से युवाओं और आमजन को स्वास्थ्य के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
श्री साव ने लोरमी में हायर सेकंडरी स्कूल भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार अधोसंरचना को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि नए स्कूल भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने लोरमी से गोंडखाम्ही नहर तक निर्माणाधीन लगभग 10 किलोमीटर सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

श्री साव ने पोल शिफ्टिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने को कहा जिससे सड़क निर्माण कार्य बिना बाधा नियमित रूप से जारी रह सके। उन्होंने ग्राम सरईपतेरा से हल्दीबांध तथा सरईपतेरा से झझपुरी सड़क निर्माण कार्य का भी औचक निरीक्षण कर नियमित मॉनिटरिंग और लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
- नवलपुर गुड़ फैक्ट्री में हुये चोरी समान के साथ कबाड़ खरीददार सहित चार आरोपियों को लोरमी पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल… - May 29, 2026
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में नगर उद्यान, सड़क निर्माण कार्यों का लिया जायजा, स्कूल भवन निर्माण के लिए किया भूमिपूजन - May 29, 2026
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 9 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, कहा- सामूहिक आदर्श विवाह सबसे बड़ा पुण्य का काम - May 29, 2026









