
एसआईआर पर सख्त कलेक्टर: निर्देशों का अनुपालन न होने एवं धीमी प्रगति पर निलंबन चेतावनी समेत अधिकारियों को नोटिस

कलेक्टर ने नगर पंचायत पथरिया, जरहागॉव, बरेला में पुनरीक्षण कार्य का किया निरीक्षण
मुंगेली, 10 दिसम्बर 2025// कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने आज एस.आई.आर. कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से बरेला, नगर पंचायत जरहागांव, ग्राम फुलवारी, नगर पंचायत पथरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशों का अनुपालन न होने एवं धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जाहिर की और जरहागाव तहसीलदार को निलंबन पूर्व नोटिस तथा एसडीएम मुंगेली अजय शतरंज, जरहागॉव सीएमओ सुरेश कुमार गुप्ता, सीएमओ बरेला नरेश मसीह, फुलवारी सेक्टर अधिकारी लखनलाल कुर्रे, रोजगार सहायक फुलवारी सुखदेव निषाद, बीएलओ एवं अभिहित अधिकारियों सहित अन्य संबंधित को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एसआईआर में अनकलेक्टेबल एवं पलायित लोगों की संख्या अधिक होने, उसके स्पष्ट आंकड़े एवं जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रेणी सी अंतर्गत स्थायी रूप से स्थानांतरित, दीर्घकालीन अनुपस्थित तथा पहले से पंजीकृत व्यक्तियों की गलत प्रविष्टी तथा स्थानांतरित व पहले से पंजीकृत व्यक्तियों के ईपिक नम्बर ना प्राप्त किए जाने पर बीएलओ और अभिहीत अधिकारी पर गहरी नाराजगी जताई।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्थायी रूप से स्थानांतरित, मृत अथवा अनुपस्थित व्यक्तियों के नामों को हटाने और पहले से पंजीकृत प्रविष्टियों का अत्यंत सावधानीपूर्वक पुनरीक्षण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि लक्ष्य-आधारित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सत्यापन एवं गणना कार्य 11 दिसम्बर और दावा-आपत्ति 15 जनवरी तक आयोग के निर्देशानुसार अब 11 दिसम्बर तक घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना कार्य की तिथि निर्धारित की गई है। इसी तरह 16 दिसंबर को मतदाता सूचियों का प्रारूप का प्रारंभिक प्रकाशन तथा 15 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियां ली जायेगी। 07 फरवरी 2026 तक सुनवाई एवं सत्यापन का कार्य किया जायेगा। इसके उपरांत 14 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। ऐसे मतदाता जिनका ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन में नाम नहीं रहेगा, वे 16 दिसम्बर से 15 जनवरी तक नाम जुड़वाने हेतु दावा-आपत्ति कर सकते हैं। दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं होने व दावा-आपत्ति के लिए समुचित दस्तावेज जमा नहीं करने पर अंतिम प्रकाशन सूची में ऐसे मतदाताओं का नाम विलोपित रहेगा।
- यात्रियों को हो रही असुविधा पर केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने लिया संज्ञान - October 28, 2026
- बिलासपुर-मुंगेली में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, समय-सीमा में काम पूरा करने की चेतावनी: तोखन के सख्त निर्देश - October 28, 2026
- कटघोरा–डोंगरगढ़ नई रेल लाइन के क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम, राज्य सरकार ने दी शत-प्रतिशत इक्विटी निवेश को मंजूरी: तोखन साहू - October 28, 2026

