राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82.63 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्तर की पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपये की कथित ठगी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर रकम ली थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी चेतन आनंद दुबे, निवासी श्री विहार, सरकंडा, बिलासपुर की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की, निवासी खोंगापानी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से पहचान हुई थी। आरोपी महिला ने कथित तौर पर खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने की बात कही।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले प्रार्थी के जमीन विवाद को सुलझाने का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास हासिल किया। इसके बाद राजनीति में रुचि और बेरोजगारी का फायदा उठाते हुए उसे राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने तथा पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का लालच दिया गया।
आरोप है कि पार्टी फंड और अन्य कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी तथा उसके परिचितों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों के माध्यम से एवं नकद कुल 82,63,194 रुपये लिए गए।
रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी और पद दिलाने के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपी ने कथित रूप से उसे धमकाया और महिला संबंधी झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।
मामले की शिकायत के बाद सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1376/2026 के तहत धारा 318(4) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ धारा 119(1) BNS भी जोड़ी गई।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के झगराखांड और खोंगापानी क्षेत्र में भेजी गई। स्थानीय पुलिस और गवाहों की मदद से आरोपी महिला को उसके निवास स्थान से अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी के दस्तावेज एवं बायोडाटा बरामद किए गए हैं।
आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें झगराखांड थाने में मारपीट/गाली-गलौज एवं अन्य धाराओं से संबंधित मामले, वसूली/ब्लैकमेलिंग का मामला तथा जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण शामिल हैं। रायपुर के सिविल लाइन थाने में भी वर्ष 2021 में धारा 384 भादवि के तहत मामला दर्ज होना बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने की आम जनता से अपील
सरकंडा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि राजनीतिक पद, नौकरी, प्रभावशाली लोगों से संपर्क या अन्य किसी लाभ का लालच देकर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की गई है।
- राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82.63 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार - September 29, 2026
- साहू समाज शक्ति केन्द्र लाखासार में सामाजिक बैठक एवं वृक्षारोपण का कार्यक्रम का आयोजन - September 28, 2026
- बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कें-पुल तत्काल सुधारें, कहीं भी आवाजाही बाधित न हो : अरुण साव - September 26, 2026




