[the_ad id="4350"]

RECENT POSTS

एटीआर लोरमी में बायसन की मौत, वन विभाग की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल

Picture of ashwani agrawal

ashwani agrawal

एटीआर लोरमी में बायसन की मौत, वन विभाग की निगरानी पर उठे गंभीर सवाल

बफर जोन में 12–15 वर्ष के बायसन का शव मिला, आखिर जंगल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कितनी मजबूत? विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

लोरमी। अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) के लोरमी बफर क्षेत्र में एक जंगली बायसन का शव मिलने से वन्यजीवों की सुरक्षा और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। चंदुपारा बीट के कक्ष क्रमांक 527 स्थित पहाड़ी के ऊपर बायसन का शव मिलने की घटना ने विभाग की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को लगभग 12 से 15 वर्ष आयु के बायसन को वन विभाग के पैदल गार्डों ने शाम करीब 6 बजे मृत अवस्था में देखा। घटना की सूचना अधिकारियों को दी गई। इसके बाद हिंसक वन्यजीवों के हमले अथवा शिकार की आशंका को देखते हुए मृत बायसन के आसपास कैमरा ट्रैप लगाया गया।

शुक्रवार सुबह विभागीय डॉग स्क्वॉड से जांच कराई गई, जिसमें स्थिति सामान्य बताई गई। वहीं मृत बायसन का पोस्टमार्टम शनिवार को तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल द्वारा किए जाने की बात कही गई है।

वन विभाग की निगरानी आखिर कितनी प्रभावी?

बफर क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी वन विभाग की है। ऐसे में सवाल उठता है कि जंगल में नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है? यदि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, तो इस तरह की घटनाओं के बाद विभाग की जवाबदेही तय क्यों नहीं होती?

मृत बायसन मिलने के बाद कैमरा ट्रैप लगाना और डॉग स्क्वॉड से जांच कराना विभाग की कार्रवाई का हिस्सा है, लेकिन वन्यजीवों की सुरक्षा केवल घटना के बाद जांच तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जंगल में समय रहते निगरानी, गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने की व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है।

क्या विभाग केवल घटना के बाद सक्रिय होता है?

घटना के बाद एसडीओ दशांश सूर्यवंशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बायसन की मौत प्राकृतिक प्रतीत हो रही है। डॉग स्क्वॉड से जांच और ट्रैप कैमरे से निगरानी की गई है तथा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा, लेकिन इस घटना ने वन विभाग की नियमित निगरानी व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

वन्यजीवों की सुरक्षा केवल कागजों और दावों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। अब देखना होगा कि विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा करता है या मामला जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाता है।

Ashwani Agrawal
[the_ad_group id="76"]
मुंगेली / लोरमी न्यूज़
CRIME NEWS
RECENT POSTS