नशीली टैबलेट का अवैध कारोबार करते दो आरोपी गिरफ्तार, 124 टैबलेट सहित स्कूटी व नगदी जब्त

आज़ाद चौक पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से 1.52 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना आजाद चौक पुलिस ने नशीली टैबलेट का अवैध कारोबार करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 124 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट, इलेक्ट्रिक स्कूटी और बिक्री रकम सहित कुल 1,52,892 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ईदगाहभाठा ग्राउंड के पास कुछ व्यक्ति नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर डीसीपी पश्चिम राबिन्सन गुड़िया, एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा एवं एसीपी आजाद चौक डॉ. मानसी साकरे के निर्देशन में थाना आजाद चौक पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 124 नग Nitrazepam Tablets IP, इलेक्ट्रिक स्कूटी क्रमांक CG 17 LC 1743 तथा बिक्री रकम 1,900 रुपये नगद बरामद हुई। पुलिस ने वाहन, नगदी एवं अन्य जब्त मशरूका सहित कुल 1,52,892 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख मोहम्मद अमान (24 वर्ष), निवासी मोवा, थाना पंडरी, रायपुर तथा शेख मोहम्मद अयान मिर्जा (19 वर्ष), निवासी बैरन बाजार, पुलिस लाइन के पास, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 316/26, धारा 21(A) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार या बिक्री से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं। नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
- नशीली टैबलेट का अवैध कारोबार करते दो आरोपी गिरफ्तार, 124 टैबलेट सहित स्कूटी व नगदी जब्त - November 23, 2026
- सीसीटीवी की मदद से 3 लाख रुपये से भरा बैग खोजकर लौटाया, सिटी कोतवाली पुलिस की तत्परता से व्यापारी को मिली राहत - November 23, 2026
- पेंड्रा बायपास के निर्माण के लिए 109 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति - November 23, 2026

