केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान शहरी निकायों की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की


केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, हल्द्वानी, नैनीताल सहित पांच नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश

हल्द्वानी, 11 नवंबर 2026। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने 10 से 11 नवंबर 2026 तक उत्तराखंड के आधिकारिक प्रवास के दौरान धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभिन्न नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली और केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
प्रवास के प्रथम दिन श्री साहू ने भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री केदारनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर तथा भगवान विष्णु को समर्पित प्रमुख चारधामों में शामिल श्री बद्रीनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रबंधन, राज्य के अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों से संवाद किया तथा मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में उच्च स्तरीय स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
श्री साहू ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी संख्या को देखते हुए नियमित स्वच्छता अभियान चलाने, ठोस अपशिष्ट के उचित प्रबंधन तथा प्रभावी सैनिटेशन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये प्रमुख धार्मिक स्थल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इनके आसपास स्वच्छ एवं स्वच्छतापूर्ण वातावरण बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए मंदिर प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन और स्वच्छता कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

प्रवास के दूसरे दिन श्री साहू ने हल्द्वानी में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में हल्द्वानी, नैनीताल, लालकुआं, भीमताल और भवाली नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की योजनाओं एवं पहलों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में हल्द्वानी के महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट, नगर आयुक्त श्री परितोष वर्मा तथा आसपास के नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में श्री साहू ने शहरी अधोसंरचना, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पार्किंग सुविधाओं और भूमि की उपलब्धता सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रमुख शहरी अधोसंरचना परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) की संभावनाओं का लाभ उठाने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत हल्द्वानी में निजी हाट बाजार एवं पार्किंग सुविधाओं के विकास तथा नैनीताल में पर्याप्त कार पार्किंग व्यवस्था के लिए व्यवहारिक परियोजना प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने लालकुआं में महिला स्व-सहायता समूहों की सहभागिता से आत्मनिर्भर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मॉडल विकसित करने तथा भीमताल में बढ़ती अस्थायी आबादी को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता अधोसंरचना, मानव संसाधन, कचरा हस्तांतरण और भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान पर भी आवश्यक निर्देश दिए।
श्री साहू ने कहा कि शहरी विकास की चुनौतियों का समाधान स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचारपूर्ण और टिकाऊ व्यवस्थाओं के माध्यम से किया जाना चाहिए। नगरीय निकायों को बेहतर शहरी प्रशासन, मजबूत नागरिक अधोसंरचना और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए।
यह प्रवास उत्तराखंड के नगरीय निकायों में सुशासन, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और सतत शहरी विकास को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
- तोखन साहू ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, हल्द्वानी, नैनीताल सहित पांच नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश - November 11, 2026
- मुंगेली पुलिस का ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ा एक्शन, अवैध शराब बिक्री करते 3 आरोपी गिरफ्तार - November 11, 2026
- लोरमी वन विभाग में मुआवजा राशि के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, भालू हमले के पीड़ित ने किया सनसनीखेज खुलासा - November 10, 2026



