कोनी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा, 4.81 लाख का मशरूका बरामद

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक किशोर न्यायालय में पेश; रात में ताला तोड़कर घरों को बनाते थे निशाना
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 4 लाख 81 हजार 488 रुपये कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 की रात अज्ञात आरोपियों ने अलग-अलग घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान चोरी किए थे। प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 469/2026, 503/2026 एवं 512/2026 के तहत धारा 331(3), 305(a), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी कोनी जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को एक विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में सुराग मिला। पूछताछ में उसने अपने साथियों राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना बताया।

इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने रात के समय अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।
यह सामान हुआ बरामद
- 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण
- 12 ग्राम सोने के आभूषण
- 2 मोटरसाइकिल
- 1 ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन
- 6,700 रुपये नगद
- 1 लोहे का सब्बल, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया था
बरामद कुल मशरूका की कीमत 4,81,488 रुपये बताई गई है।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी ग्राम घुटकू, थाना कोनी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई से थाना कोनी क्षेत्र में दर्ज चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए चोरी गए मशरूके की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।
- कोनी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का किया खुलासा, 4.81 लाख का मशरूका बरामद - September 21, 2026
- लोरमी में जनभागीदारी से कोतरी नदी की सूरत बदलने की मुहिम, तीसरे रविवार को भी युवाओं और नागरिकों ने पार्षद के नेतृत्व में किया श्रमदान - September 20, 2026
- लोरमी पुलिस की ताबड़तोड़ बड़ी कार्रवाई: 6 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार - September 20, 2026



