पामगढ़ में पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज का भव्य स्वागत, गुरु भक्ति से भक्तिमय हुआ श्री अद्वैत आश्रम

पामगढ़। श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना के परम श्रद्धेय श्री श्री 108 स्वामी शिवानंद जी महाराज के पामगढ़ स्थित श्री अद्वैत आश्रम में मंगलमय आगमन पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूज्य श्री के आगमन से आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा। मंगल आरती, पुष्पवर्षा एवं मंगल कलश के साथ उनका स्वागत किया गया। वहीं, रामकुटी में विधिवत गुरु पूजन कर श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और समर्पण अर्पित किया।
गुरु कृपा से ही संभव है आत्मज्ञान की प्राप्ति : स्वामी शिवानंद जी महाराज
अपने आध्यात्मिक उद्बोधन में स्वामी शिवानंद जी महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन का परम उद्देश्य आत्मतत्त्व का बोध प्राप्त कर परमात्मा से एकात्मता का अनुभव करना है। सदगुरु मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाकर जीवन के वास्तविक उद्देश्य का बोध कराते हैं। गुरु कृपा से ही जीव अपने भीतर निहित सत्य को पहचानकर आत्मकल्याण के मार्ग पर अग्रसर होता है।

उन्होंने कहा कि सदगुरु अज्ञानरूपी अंधकार को दूर कर आत्मज्ञान का प्रकाश प्रदान करते हैं। गुरु की महिमा भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में सर्वोपरि रही है। नानक, कबीर, तुलसीदास एवं स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों ने भी गुरु के महत्त्व को स्वीकार किया है। सदगुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है तथा साधना को सार्थक बनाकर मनुष्य को परम सत्य की अनुभूति की ओर ले जाता है।
मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची आराधना

मानव सेवा के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए पूज्य श्री ने कहा कि भूखे को भोजन कराना, जरूरतमंद की सहायता करना और पीड़ित जीव के प्रति करुणा रखना ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। किसी भूखे की क्षुधा शांत करना भी महान यज्ञ के समान है, क्योंकि जीव की तृप्ति में भगवान नारायण की तृप्ति निहित है। उन्होंने सेवा, करुणा, परोपकार एवं सदाचार को सच्ची आध्यात्मिकता का आधार बताया।
विधायक शेषराज हरवंश ने प्राप्त किया आशीर्वाद
पामगढ़ स्थित श्री अद्वैत आश्रम, पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज से जुड़ी 36 आश्रमों की आध्यात्मिक परंपरा का एक महत्त्वपूर्ण केंद्र है। पूज्य श्री के पावन सान्निध्य में श्रद्धालुओं को गुरु भक्ति, आत्मचिंतन और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ। उनके दर्शन एवं सत्संग से श्रद्धालु आध्यात्मिक रूप से प्रेरित हुए।

इस अवसर पर पामगढ़ की विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश भी आश्रम पहुंचीं। उन्होंने पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज के दर्शन एवं पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में शिवरीनारायण, जांजगीर, चांपा, बलौदाबाजार, मस्तूरी, अकलतरा, सीपत, बलौदा, जयरामनगर, बिलासपुर, मुंगेली, लोरमी, कवर्धा, कोरबा एवं कोटा सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने पूज्य श्री के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को धन्य अनुभव किया। पूरे आश्रम परिसर में गुरु महिमा के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
- पामगढ़ में पूज्य स्वामी शिवानंद जी महाराज का भव्य स्वागत, गुरु भक्ति से भक्तिमय हुआ श्री अद्वैत आश्रम - October 16, 2026
- लोरमी मुख्य मार्ग की ऊँचाई यथावत रखने व्यापारियों ने उपमुख्यमंत्री से की मांग आज जनदर्शन में - October 14, 2026
- जनदर्शन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सुनी आम नागरिकों की समस्याएं 520 से अधिक आवेदकों ने डिप्टी सीएम के समक्ष रखी अपनी मांगें एवं समस्याएं - October 14, 2026


