
मुंगेली पुलिस के ‘पहल’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
मुंगेली/बिलासपुर, 12 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुंगेली पुलिस द्वारा संचालित ‘पहल’ जागरूकता अभियान के तहत बिलासपुर स्थित पीसीएस कोचिंग सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराध, यातायात नियमों, नशा मुक्ति तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी उप निरीक्षक नवीन कुमार जांगड़े तथा साइबर सेल टीम के मधुकर रात्रे एवं बबीता श्रीवास ने वक्ता के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और ठगी के नए तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड और एपीके फाइल के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध मैसेज से सावधान रहने तथा अपना ओटीपी, सीवीवी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 की सहायता लेने की भी जानकारी दी गई।
यातायात नियमों और पॉक्सो अधिनियम पर किया जागरूक
कार्यक्रम में यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा नशे के दुष्परिणामों से दूर रहने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान किया गया। मुंगेली पुलिस ने ‘पहल’ अभियान के माध्यम से युवाओं को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित, जिम्मेदार नागरिक बनाने तथा अपराध मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रयास जारी रखने की बात कही।
- मुंगेली पुलिस के ‘पहल’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके - October 12, 2026
- डिप्टी सी एम साव ने पुल और सड़क के कार्य को लेकर अधिकारियों की लगाई क्लास - October 9, 2026
- सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी और ग्राम लगरा में सेवा सेतु शिविर आयोजित - October 7, 2026


